तिलकराम हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग तेज, भीम युवा वाहिनी ने धरने की दी चेतावनी

बस्ती। तिलकराम हत्याकांड में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और हत्या की धारा बढ़ाने की मांग को लेकर भीम युवा वाहिनी संगठन ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनू राव और प्रदेश अध्यक्ष अजय राव उर्फ प्रमोद की ओर से मंडलायुक्त बस्ती मंडल को प्रेषित पत्र में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि पीड़िता दुर्गावती पत्नी स्वर्गीय तिलकराम, ग्राम पेकोलिया पाली, थाना पेकोलिया, जनपद बस्ती की निवासी हैं। आरोप है कि तिलकराम की हत्या के मामले में अभी तक मुख्य आरोपी घनश्याम को नामजद नहीं किया गया है और न ही उसकी गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने यह भी मांग किया कि मामले की जांच करा के आरोपी पर करवाई हो । संगठन का कहना है कि अन्य आरोपियों के साथ घनश्याम को भी मुख्य अभियुक्त बनाकर गिरफ्तार किया जाए तथा कड़ी कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पीड़ित परिवार द्वारा इस मामले में संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को 23 अप्रैल 2026 एवं 8 मई 2026 को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई। इससे पीड़ित परिवार खुद को असहाय महसूस कर रहा है। भीम युवा वाहिनी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन पीड़ित परिवार के साथ मंडलायुक्त कार्यालय बस्ती मंडल के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करेगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं एलआईयू बस्ती को भी भेजी गई है।

Related Articles

Back to top button