
कर्मा देवी संस्थान के पास गूंजा ‘जय श्रीराम’, इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में हरीश द्विवेदी का हुआ भव्य स्वागत
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री, पूर्व सांसद एवं असम प्रभारी हरीश द्विवेदी के बस्ती जनपद में प्रथम आगमन पर सोमवार को कर्मा देवी शैक्षणिक संस्थान के गेट के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भव्य स्वागत-अभिनंदन किया। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं 310 विधानसभा क्षेत्र बस्ती सदर के प्रमुख भाजपा नेता इंजीनियर अरविंद पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हरीश द्विवेदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्वागत समारोह में हरीश द्विवेदी को विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा गदा भेंट कर अभिनंदन किया गया। विद्वान ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए कार्यक्रम से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण नजर आया। कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्रीराम’, ‘भारत माता की जय’ और भाजपा के जयघोष के साथ अपने नेता का स्वागत किया।
इस दौरान हरीश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बस्ती की धरती पर अपने लोगों के बीच इस तरह का आत्मीय स्वागत उनके लिए गौरव और भावुकता का क्षण है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूत करने और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है।
उन्होंने बस्ती से अपने पुराने आत्मीय जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें हमेशा ऊर्जा देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इंजीनियर अरविंद पाल ने कहा कि हरीश द्विवेदी को भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व की जिम्मेदारी मिलना पूरे बस्ती जनपद के लिए गौरव की बात है। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हरीश द्विवेदी के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आए। कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रीय दायित्व के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि बस्ती के लोकप्रिय नेता को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।
#harishdwivedi #basti #arvindpal





