
भानपुर के प्रसिद्ध लोढ़ेश्वर नाथ मंदिर पर 24 अगस्त को होगा विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक
बस्ती। भानपुर तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं आस्था के प्रमुख केंद्र लोढ़ेश्वर नाथ मंदिर परिसर में जनकल्याण की कामना को लेकर आगामी सोमवार, 24 अगस्त को विशाल सामूहिक रुद्राभिषेक एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ प्रातः 8 बजे से होगा। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजक समाजसेवी अभिषेक त्रिपाठी ‘अन्नू’ ने बताया कि कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की सहभागिता के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। सामूहिक रुद्राभिषेक के दौरान 151 पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक किया जाएगा। पार्थिव शिवलिंग निर्माण के लिए मिट्टी भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से मंगाई गई है।
उन्होंने बताया कि धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की है।





