पुलिस मुठभेड़ में फरार पशु तस्कर गिरफ्तार, 8 आरोपी दबोचे गए, चार गोवंश बरामद

बस्ती। थाना परसरामपुर पुलिस ने गोवंश तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार चल रहे एक आरोपी समेत कुल आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार गोवंश, एक अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पचौरी बाग क्षेत्र में छापेमारी कर सात पशु तस्करों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश यादव, सहबान उर्फ छोटू, आयुष प्रताप सिंह, सहजाद हुसैन, रामअवतार यादव, मुरली सोनकर और असलम के रूप में हुई थी। इनके कब्जे से चार गोवंश बरामद किए गए थे। इस संबंध में थाना परसरामपुर में गोवध अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

कार्रवाई के दौरान एक आरोपी सद्दाम पुत्र मुहम्मद अफजल निवासी मोहम्मदपुर कछार थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर मौके से फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

शनिवार भोर में नक्टवा पुल गांव सहरिया नई दुनिया के पास सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने पॉपुलर के बगीचे में संदिग्ध गतिविधि देख घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सद्दाम ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीएचसी परशुरामपुर भेजा गया है।

पुलिस ने सद्दाम के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

Related Articles

Back to top button