
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-संकल्प से नई पीढ़ी को प्रेरणा लेने की जरूरत : सुषमा चौधरी
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के तहत निकाली जा रही ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बुधवार को करुआ बाबा चौक से सैकड़ों बाइक सवारों के साथ बाइक रैली निकाली गई, जो शास्त्री चौक पहुंचकर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी तथा कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सतेन्द्र सिन्हा की उपस्थिति में भाजपा जिला मंत्री महिला मोर्चा एवं 310 विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी सुषमा चौधरी पत्नी मोदू चौधरी ने बड़ी संख्या में बाइक सवार कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
भाजपा नेता मोदू चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। सेवा ज्योति यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंदों की सहायता के लिए भी आगे आएं।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है।
मोदू चौधरी ने बताया कि सेवा ज्योति प्रज्वलित होने के बाद बस्ती शहर को चार हिस्सों में विभाजित किया गया। इन क्षेत्रों में पदयात्राओं के माध्यम से सामाजिक सेवा, जनजागरण और आमजन से संवाद के कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने लोगों को सेवा, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े संकल्पों के प्रति जागरूक किया।
सुषमा चौधरी ने कहा कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का उद्देश्य सेवा की भावना को जन-जन तक पहुंचाना और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है। भाजपा कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचकर लोगों से संवाद कर रहे हैं और उन्हें राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सहभागी बनने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।





