
एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अक्षिता ओझा ने बढ़ाया उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी का मान
प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल और प्राचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने दी बधाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना दी
बस्ती। 70वीं क्षेत्रीय/जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 में उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी की छात्रा अक्षिता ओझा ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। छात्रा की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रसन्नता जताते हुए इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने अक्षिता ओझा को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का अहम हिस्सा है। खेल न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रखते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य, एकाग्रता और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित करते हैं। खेल के मैदान में मिलने वाले अनुभव विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने और लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की सीख देते हैं।
उन्होंने कहा कि उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। अक्षिता का प्रदर्शन इसी दिशा में एक सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्रा भविष्य में भी अपनी मेहनत और लगन से सफलता के नए आयाम स्थापित कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन करेगी।
विद्यालय की प्राचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने भी अक्षिता को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भागीदारी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को निखारती है। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का विकास होता है।
अक्षिता की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उसे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।





