
रुधौली विधानसभा से सशक्त दावेदारी: चाँदनी चौधरी ने ठोकी ताल, सेवा और विकास को बनाया मुद्दा
गन्ना किसानों के भुगतान से लेकर बेटियों की शादी तक, निरंतर सेवा का दावा- मनोज चौधरी ने गिनाईं उपलब्धियाँ
बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र से सशक्त दावेदारी के साथ चुनावी मैदान में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकीं चाँदनी चौधरी इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। एक प्रतिष्ठित राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाली चाँदनी चौधरी के पिता वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हैं, वहीं उनके पति मनोज कुमार चौधरी पिछले कई वर्षों से रुधौली विधानसभा क्षेत्र में निरंतर सेवा भाव के साथ सक्रिय हैं।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने क्षेत्रवासियों एवं जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका और उनके परिवार का लक्ष्य हमेशा जनसेवा रहा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के गन्ना किसानों को समय से भुगतान दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और इस दिशा में संबंधित अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता पर रखते हुए समाधान कराना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है।
मनोज चौधरी ने सामाजिक क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि अब तक करीब 100 बेटियों की शादी में आंशिक सहयोग तथा लगभग 30 शादियों में पूर्ण सहयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करना उनका नैतिक दायित्व है और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि चाँदनी चौधरी एक पढ़ी-लिखी, जागरूक और जमीनी हकीकत से जुड़ी महिला हैं। यदि जनता उन्हें चुनाव में विजयी बनाती है तो वे बिना किसी “वैशाखी” के सीधे जनता के बीच रहकर काम करेंगी। उनका विश्वास है कि विकास तभी संभव है जब जनप्रतिनिधि जनता के सुख-दुख में सीधे सहभागी बने।
क्षेत्र में चाँदनी चौधरी की बढ़ती सक्रियता और जनसंपर्क को लेकर समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि एक शिक्षित और सेवा भाव रखने वाली महिला के नेतृत्व में रुधौली विधानसभा को नई दिशा मिल सकती है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता इस दावेदारी को किस रूप में स्वीकार करती है, लेकिन फिलहाल चाँदनी चौधरी ने अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा दी है।





