
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा बस्ती ने बूथ स्तर तक किया योग, दिया स्वस्थ भारत का संदेश
बस्ती। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी बस्ती द्वारा जनपद के सभी मंडलों, शक्ति केंद्रों एवं बूथों पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग दिवस को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी मंडल प्रभारियों ने अपने-अपने मंडलों में रात्रि प्रवास कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया तथा सुबह स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक योग कार्यक्रमों में सहभागिता की। जनपद के 401 शक्ति केंद्रों पर योग कार्यक्रमों के साथ विशेष सांगठनिक बैठकों का भी आयोजन किया गया।
पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की पहचान है और यह व्यक्ति, समाज तथा राष्ट्र को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज विश्वव्यापी जन-आंदोलन बन चुका है। नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार होता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि”योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः” अर्थात चित्त की वृत्तियों को शांत करना ही योग है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते तनाव के बीच योग ही ऐसा माध्यम है जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र के निर्माण का आधार बन सकता है, इसलिए योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवनचर्या में शामिल करना चाहिए।
मीडिया प्रभारी अजय पाल सिंह ने बताया कि शक्ति केंद्रों पर आयोजित बैठकों में योग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी कार्यकर्ताओं ने इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प लिया। प्रशिक्षकों के निर्देशन में सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रमों में विधायक अजय सिंह, दयाराम चौधरी, रवि सोनकर, संजय जायसवाल, अजय सिंह गौतम, राजेश पाल चौधरी, गोपेश्वर त्रिपाठी, भानु प्रकाश मिश्रा, वैभव पांडे, अमृत वर्मा, अभिषेक कुमार, सुरेंद्र चौधरी, भोलू सिंह, राजकुमार शुक्ला, अनिल दुबे, शालिनी मिश्रा, रोली सिंह, शिवानी सिंह, राकेश शर्मा, प्रेम प्रकाश चौधरी सहित सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता कर समाज को निरोग बनाने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।





