विश्व रेडक्रॉस दिवस पर एड्स जागरूकता अभियान आयोजित

बस्ती भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शास्त्री चौक पर “एड्स जागरूकता एवं बचाव” विषय पर हस्ताक्षर अभियान एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम एवं मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने हस्ताक्षर बैनर पर हस्ताक्षर कर किया।

कार्यक्रम में बस्ती विकास सेवा समिति द्वारा स्टॉल लगाकर एचआईवी एवं एड्स के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने तथा बचाव के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने कहा कि एचआईवी एक गंभीर बीमारी है और इससे बचाव के लिए सभी को मिलकर लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि भारत में नए एचआईवी संक्रमणों में 35 प्रतिशत की कमी तथा मौतों में 69 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने रेडक्रॉस के जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षित यौन संबंध अपनाना चाहिए तथा एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और परामर्श ही इस बीमारी से लड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है।

रेडक्रॉस के सभापति संतोष सिंह ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानवता के हित में ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। सचिव रंजीत श्रीवास्तव ने बताया कि जागरूकता ही एड्स से बचाव का सबसे बड़ा माध्यम है तथा एचआईवी पॉजिटिव मरीजों के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम का संयोजन कार्यकारिणी सदस्य इमरान अली ने किया।

इस अवसर पर राहुल श्रीवास्तव, राजेश ओझा, एल.के. पाण्डेय, उमेश श्रीवास्तव, अशोक सिंह, आनंद पाटिल, अहमद हुसैन, मोहम्मद अशरफ, सानू कुमारी, मनीषा, सोनी, मंजेश, शुभेद्र पाठक, राजकुमार, प्रिंस सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button