
उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी की पूर्व छात्रा स्तुति पांडेय बनीं बीडीओ, विद्यालय में जश्न का माहौल
बस्ती उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) द्वारा आयोजित सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 का परिणाम घोषित होते ही जनपद के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय की मेधावी पूर्व छात्रा स्तुति पांडेय ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर खंड विकास अधिकारी (Block Development Officer) पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
स्तुति पांडेय की यह सफलता उनके संघर्ष और समर्पण की प्रेरणादायक कहानी है। इससे पहले वह वर्ष 2025 की ज्वाइनिंग में बनकटी क्षेत्र में ग्राम पंचायत अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। छोटे पद से शुरुआत कर पीसीएस जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना उनकी अटूट निष्ठा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक धीरेन्द्र शुक्ल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्तुति एक अनुशासित और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं, जिनकी सफलता यह साबित करती है कि स्पष्ट लक्ष्य और सच्चे प्रयास से हर मंजिल पाई जा सकती है।
वहीं, प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान के लिए गर्व का क्षण है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर छात्र-छात्राएं आज उच्च पदों पर पहुंच रहे हैं, जो अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्तुति एक सक्षम प्रशासक बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं समस्त स्टाफ ने भी स्तुति पांडेय को इस ऐतिहासिक सफलता पर शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने इसे ग्रामीण प्रतिभाओं के उभरते सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए हर्ष व्यक्त किया है।





