नीरज की स्मृति में सजी अखिल भारतीय काव्य संध्या, देशभर के कवियों ने बांधा समां

राष्ट्रीय कवि सुरेंद्र शर्मा ने दिया प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश, देर रात तक गूंजती रहीं तालियां

गाजियाबाद। मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति, दिल्ली एवं महाकवि गोपालदास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। देशभर से आए प्रतिष्ठित कवियों ने ओज, गीत, ग़ज़ल, व्यंग्य और श्रृंगार रस की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दूधेश्वरनाथ महादेव मठ मंदिर के पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज, डासना काली देवी मंदिर के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज, पद्मश्री राष्ट्रीय कवि सुरेंद्र शर्मा, राष्ट्रीय कवि सर्वेश अस्थाना, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, डासना नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी महेश श्रीवास्तव, मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति के अध्यक्ष रवींद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष अशोक कौशिक, दैनिक अथाह के संपादक अशोक ओझा तथा गौरव शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएचएआई के चेयरमैन संतोष यादव ने की। उन्होंने सभी आमंत्रित कवियों का सम्मान किया। माँ सरस्वती वंदना डॉ. सीता ‘सागर’ ने प्रस्तुत की। महाकवि गोपालदास नीरज के सुपुत्र शशांक नीरज ने अपनी ग़ज़लों के माध्यम से पिता की साहित्यिक विरासत को याद किया। कर्नल संजय चतुर्वेदी ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रचनाएँ सुनाईं, जबकि डॉ. श्लेष गौतम ने त्याग, संस्कार और आदर्शों पर आधारित अपनी कविताओं से श्रोताओं का मन मोह लिया। डॉ. कविता ‘किरण’ ने महाकवि नीरज को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

आईएएस अधिकारी एवं कवि पवन कुमार ने अपनी ग़ज़लों से संवेदनाओं को स्वर दिया। डॉ. सीता ‘सागर’ ने भावनात्मक रचनाओं से वातावरण को सरस बनाया। राष्ट्रीय कवि सर्वेश अस्थाना ने अपने तीखे राजनीतिक व्यंग्य से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया, जबकि कवि एवं अधिशासी अधिकारी महेश श्रीवास्तव ने प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। राष्ट्रीय कवि डॉ. विष्णु सक्सैना ने रिश्तों और मानवीय मूल्यों पर आधारित अपनी रचनाओं से खूब तालियां बटोरीं।

अध्यक्षीय उद्बोधन में पद्मश्री राष्ट्रीय कवि सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि “देश में मंदिर बनाने से अधिक आवश्यकता देश को ही मंदिर बनाने की है। हमें किसी भी देश से वैर नहीं, बल्कि शांति, प्रेम, भाईचारे और मानवता के साथ आगे बढ़ना चाहिए। गरीबी और वैमनस्य को समाप्त करना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।” उनके इस संदेश का उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से स्वागत किया।

समारोह में मान्यता प्राप्त पत्रकार कल्याण समिति एवं महाकवि गोपालदास नीरज फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से जीडीए सचिव विवेक मिश्र, युग करवट के संपादक सलामत मियां, राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक नरेंद्र शर्मा, दैनिक अथाह के संपादक अशोक ओझा, वरिष्ठ पत्रकार सुनील यादव, सोनू अरोड़ा, तेजस न्यूज के संपादक तेजेश चौहान सहित अनेक पत्रकारों, साहित्यकारों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।

कवि सम्मेलन में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति रही। देर रात तक चले इस आयोजन में कविता, गीत, ग़ज़ल और व्यंग्य की प्रस्तुतियों पर सभागार लगातार तालियों की गूंज से मुखरित होता रहा।

Related Articles

Back to top button