रूधौली में चांदनी चौधरी ने तेज किया जनसंपर्क, बोलीं- जनता की सेवा और रूधौली का विकास हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

तीन वर्षों से बिना किसी पद और पार्टी से जुड़े जनता के बीच सक्रिय हैं चांदनी चौधरी, चुनाव किस पार्टी से लड़ेंगी, जल्द करेंगी घोषणा

बस्ती। रूधौली विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र से भावी प्रत्याशी के रूप में अपनी सक्रियता बढ़ा रहीं चांदनी चौधरी पत्नी मनोज चौधरी ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। वह लगातार गांवों और विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात कर रही हैं तथा उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझने का प्रयास कर रही हैं। जनसंपर्क के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों से संवाद करते और उनका कुशलक्षेम पूछते देखा जा रहा है।

चांदनी चौधरी ने कहा कि जनता की सेवा करना ही उनकी प्राथमिकता है। वह क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी रही हैं और आगे भी उनकी हर समस्या में सहभागी बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि उनके लिए राजनीति केवल चुनाव लड़ने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और क्षेत्र के लोगों की सेवा करने का एक अवसर है। रूधौली विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल सहित बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने की आवश्यकता है।

मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे चुनाव लड़ने और राजनीतिक दल को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अतिशीघ्र घोषणा करेंगी कि किस पार्टी के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरेंगी। फिलहाल उनकी प्राथमिकता क्षेत्र की जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को जानना और उनके साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना है।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पिछले तीन वर्षों से वह बिना किसी राजनीतिक पद और पार्टी से जुड़े हुए जनता के बीच सक्रिय हैं। इस दौरान उन्होंने लगातार लोगों से संपर्क बनाए रखा है और उनके सुख-दुख में सहभागी बनने का प्रयास किया है।

चांदनी चौधरी के अनुसार, जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उनका प्रयास है कि रूधौली विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई दिशा स्थापित हो और आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो।

फिलहाल चांदनी चौधरी के जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक घोषणा को लेकर क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें उनके अगले राजनीतिक कदम और चुनावी रणनीति पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button