
बस्ती के पांच किसान व कृषि विशेषज्ञ लखनऊ में राज्य स्तरीय ‘फार्म एन फ़ूड कृषि अवार्ड’ से होंगे सम्मानित
बस्ती; जिले के प्रगतिशील किसानों और कृषि विशेषज्ञों की उपलब्धियों को एक बार फिर प्रदेश स्तर पर पहचान मिली है। खेती में नवाचार, वैज्ञानिक अनुसंधान, बागवानी, कृषि पर्यटन और कृषि पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बस्ती के पांच किसानों एवं कृषि विशेषज्ञों को मंगलवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय ‘फार्म एन फ़ूड कृषि अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया जाएगा।
सम्मान पाने वालों में बहादुरपुर विकासखंड के भेलवल गांव निवासी प्रगतिशील किसान अरविन्द सिंह, कृषि विज्ञान केंद्र बस्ती के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डॉ. प्रेम शंकर, बस्ती सदर विकासखंड के चितरगड़िया गांव निवासी किसान राम पूरन चौधरी, युवा बागवान मंगला प्रसाद मौर्य तथा कृषि विषयों के प्रखर लेखक अनुराग श्रीवास्तव शामिल हैं।
बताया गया कि फार्म एन फ़ूड कृषि सम्मान उत्तर प्रदेश के किसानों और कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय पुरस्कार है। इस वर्ष प्रदेश भर से सैकड़ों आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें चयन के बाद बस्ती के पांच प्रतिभाओं को सम्मान के लिए चुना गया।
अरविन्द सिंह को ‘बेस्ट कृषि पर्यटन अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा। उन्होंने अपने गांव भेलवल में कृषि पर्यटन यानी एग्री-टूरिज्म का अभिनव मॉडल विकसित किया है। इस मॉडल के तहत शहरी लोगों को गांव में लाकर खेती, ग्रामीण संस्कृति और प्राकृतिक जीवन का अनुभव कराया जाता है। पर्यटक बुवाई, निराई, कटाई जैसे कृषि कार्यों में भाग लेते हैं, खेतों से ताजे फल एवं सब्जियां स्वयं तोड़ते हैं, जैविक खेती, वर्मीकम्पोस्ट और प्राकृतिक उर्वरकों की जानकारी प्राप्त करते हैं।यह मॉडल किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण संस्कृति और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।
राम पूरन चौधरी को ‘बेस्ट बागवानी किसान’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा। वे रंगीन एवं विदेशी सब्जियों की उन्नत खेती कर पारंपरिक फसलों की तुलना में दो से तीन गुना अधिक आय अर्जित कर रहे हैं और अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बने हैं।
डॉ. प्रेम शंकर को ‘बेस्ट कृषि वैज्ञानिक अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जैविक विधियों के माध्यम से फसलों को रोग एवं कीटों से सुरक्षित रखने की अभिनव तकनीकों का विकास किया है, जिससे किसानों को रासायनिक दवाओं पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है।
वहीं मंगला प्रसाद मौर्य को आधुनिक बागवानी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए ‘युवा कृषक अवार्ड’ तथा अनुराग श्रीवास्तव को कृषि विषयों पर शोधपरक एवं जनोपयोगी लेखन के लिए ‘बेस्ट कृषि पत्रकारिता अवार्ड’ से सम्मानित किया जाएगा।
बस्ती के किसानों और कृषि विशेषज्ञों की यह उपलब्धि न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि प्रदेश के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। यह सम्मान कृषि क्षेत्र में नवाचार, वैज्ञानिक सोच और ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाले प्रयासों की महत्वपूर्ण पहचान माना जा रहा है।





