लिटिल फ्लावर्स स्कूल में वार्षिक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

बस्ती। गुरुवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल मधुपुरम्, वाल्टरगंज में वार्षिक खेल महापर्व 2025′ का दिव्य और भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक (DIG) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में खेल प्रशिक्षक डॉ.आर. एस. सिंह का सानिध्य प्राप्त हुआ।
खेल पर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती एवं विद्‌यालय की संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी सिंह के चित्र का अनावरण, पुष्पार्चन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन मुख्य अतिथि संजीव त्यागी DIG बस्ती, विशिष्ट अतिथि डॉ० आर एस० सिंह भूतपूर्व खेल प्रशिक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंह के कर कमलों से हुआ।
विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की ‘वंदना’ तथा देवतुल्य अतिथियों के सम्मान में स्वागतगीत’ का भावपूर्ण व सजीव प्रस्तुति विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि डीआईजी संजीव त्यागी ने मशाल प्रज्ज्वलित कर तथा गुब्बारों का गुच्छा आसमान में प्रक्षेपित कर खेल महापर्व का विधिवत उद्‌घाटन किया। इसी कड़ी में मुख्य अतिथि के सम्मान में विद्‌यालय के चारों हाउसों के द्वारा शानदार ‘पथ संचलन’ (परेड) के द्वारा सलामी दी गई तथा खेल-भावना का समादर, परिपालन एवं दायित्व निर्वहन हेतु ‘शपथ ग्रहण’ का निष्पादन मुख्यातिथि के द्वारा सम्पन्न हुआ।
मुख्य अतिथि संजीव त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन के अनेक प्रेरक प्रसंगों को उद्‌धृत करते हुए खेल का जीवन में महत्त्व पर प्रकाश डाला तथा विद्‌यालय द्वारा आयोजित इस प्रकार की उत्कृष्ट प्रतियोगिता की भूरि-भूरि प्रशंसा की। छात्रों को पंच महाभूतों धरती, आकाश, जल, अग्नि और वायु के सीधे संपर्क में रहने और आधुनिक सौंदर्य प्रसाधनों की चकाचौंध से भरी दुनिया से दूरी बनाए रखने के लिए आह्‌वान किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ० आरएस सिंह ने अपने सारगर्भित संबोधन से सभी का हृदय जीत लिया। उन्होंने अपने संबोधन में खेल, खिलाड़ी, खेलभावना, जय-पराजय, व विजेताओं के गुण-धर्म आदि गंभीर विषयों पर अत्यंत व्यापक दृष्टिकोण प्रस्तुत कर कार्यक्रम को गुरुता प्रदान की।
स्कूल के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन पयंत खेल की उपयोगिता को समझाते हुए सभी सम्मानित अतिथियों का हार्दिक अभिनंदन करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित किया।
स्कूल की निर्देशिका श्रीमती अपर्णा सिंह ने अपनी चिर-परिचित शैली में पूरे वातावरण में ‘उमंग, उत्साह व जोश’ का जो भाव भरा वह पूरे समय तक परिसर को ऊर्जावान बनाये रखा।
पहले दिन खेल महापर्व का का आगाज बड़े ही शानदार ढंग से हुआ। प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना सिंह ने सभी अतिथियों एवं समस्त प्रतिभागी खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों , शिक्षकों , सहयोगियों प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके उपरांत अनेक प्रकार के खेल जैसे, रस्साकसी, 100 मी०, 200 मी० दौड़, रिले रेस, बाधा दौड़, गोला क्षेपण, तस्तरी प्रक्षेपण, खो-खो, कबड्डी आदि का आयोजन हुआ। जिन खेलों का निर्णायक मंडल द्वारा परिणाम घोषित हो गया। उन विजेताओं को मुख्य अतिथि डीआईजी बस्ती संजीव त्यागी द्वारा शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Related Articles

Back to top button