
मेदांता ने बस्ती में विशेषज्ञ ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की
अब मरीजों को स्थानीय स्तर पर मिलेगी मेदांता के विशेषज्ञ डॉक्टरों की परामर्श सुविधा
बस्ती। पूर्वांचल क्षेत्र के मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मेदांता ने स्टार हॉस्पिटल, बस्ती में अपनी विशेषज्ञ ओपीडी (Outreach OPD) सेवाओं का शुभारंभ किया है।
इस पहल के तहत अब मरीजों को मेदांता के अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श एवं उपचार की सुविधा बस्ती में ही उपलब्ध होगी। ओपीडी सेवाओं में बाल एवं नवजात शल्य चिकित्सा (Pediatric Surgery) विशेषज्ञ डॉ. श्यामेन्द्र प्रताप शर्मा तथा हृदय रोग विशेषज्ञ (Cardiology) डॉ. अभिनव पांडेय नियमित रूप से अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर डॉ. श्यामेन्द्र प्रताप शर्मा ने कहा कि बच्चों में जन्मजात विकृतियां, हर्निया, हाइड्रोसील, अंडकोष संबंधी समस्याएं, नवजात शल्य चिकित्सा तथा अन्य बाल शल्य रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधा अब स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उचित उपचार से बच्चों के स्वास्थ्य परिणामों में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है।
वहीं डॉ. अभिनव पांडेय ने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण हृदय रोगों के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में नियमित हृदय जांच, उच्च रक्तचाप, सीने में दर्द, धड़कन संबंधी समस्याओं एवं अन्य हृदय रोगों के निदान और उपचार की सेवाएं मरीजों को इस ओपीडी के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने लोगों से समय-समय पर हृदय स्वास्थ्य की जांच कराने की अपील की।
मेदांता के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं को मरीजों के घर के नजदीक पहुंचाना है, ताकि उन्हें विशेषज्ञ उपचार के लिए बड़े शहरों की यात्रा न करनी पड़े। इस आउटरीच ओपीडी के माध्यम से क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा परामर्श, समय पर निदान तथा आवश्यकतानुसार उन्नत उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि मेदांता लगातार विभिन्न शहरों में अपनी आउटरीच ओपीडी सेवाओं का विस्तार कर रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।





