
बस्ती के चन्दो ताल को ‘एक जिला एक आर्द्र भूमि’ में शामिल करने की पहल तेज
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना से उनके सरकारी आवास पर ट्रांसजेंडर कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं सीईओ अजय कुमार पाण्डेय ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बस्ती जनपद स्थित ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक महत्व के चन्दो ताल को “एक जिला एक आर्द्र भूमि” योजना के तहत चयनित किए जाने का अनुरोध किया गया।
अजय कुमार पाण्डेय ने मंत्री को सौंपे गए पत्र के माध्यम से बताया कि चन्दो ताल न केवल क्षेत्र की पारंपरिक जल संरचना का महत्वपूर्ण हिस्सा है, बल्कि यह जैव विविधता, जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसे “अमृत धरोहर योजना” के अंतर्गत विकसित कर संरक्षित किया जाना आवश्यक है।
मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए अपनी सहमति प्रदान की और तत्काल संबंधित विभाग को संस्तुति अग्रसारित कर दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण एवं आर्द्र भूमि के विकास को प्राथमिकता दे रही है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
गौरतलब है कि “एक जिला एक आर्द्र भूमि” योजना के तहत प्रत्येक जिले की एक प्रमुख आर्द्र भूमि को चिन्हित कर उसका संरक्षण और विकास किया जाता है, जिससे पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
इस पहल से बस्ती के चन्दो ताल के संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है और क्षेत्रवासियों में भी इसको लेकर उत्साह देखा जा रहा है।





