नवजात शिशु की नाजुक हालत, 108 एम्बुलेंस की तत्परता से मिली नई जिंदगी की उम्मीद

बस्ती। रविवार सुबह करीब सवा ग्यारह बजे ग्राम हुजरा कुंवर (पोस्ट हरैया) निवासी अमित कुमार पुत्र विद्या प्रसाद की पत्नी का प्रसव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया में हुआ। प्रसव के तुरंत बाद नवजात शिशु में कोई मूवमेंट न दिखाई देने पर चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बच्चे को तत्काल जिला महिला अस्पताल, बस्ती के लिए रेफर कर दिया।

108 एंबुलेंस द्वारा नवजात को जिला महिला अस्पताल पहुँचाया गया जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार प्रारंभ किया। लेकिन स्थिति में सुधार न होने पर शिशु को बेहतर इलाज के लिए ओपेक कैली मेडिकल कॉलेज, बस्ती रेफर किया गया। यहां भी नवजात की हालत गंभीर बनी रही। डॉक्टरों ने तुरंत इंट्यूबेशन कर अंबु बैग से ऑक्सीजन सपोर्ट देना शुरू किया।

चिकित्सकों ने परिजनों को बताया कि नवजात को वेंटिलेटर की आवश्यकता है, जो तत्काल उपलब्ध नहीं होने पर बच्चे को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए पिता अमित कुमार ने 108 एंबुलेंस सेवा पर संपर्क किया।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस संख्या UP32FG0836 मौके पर उपलब्ध कराई गई। एंबुलेंस चालक योगेंद्र यादव एवं ईएमटी रंजीत कुमार तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुँचे, बच्चे को रिसीव किया और तेजी से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।

रास्ते में नवजात की स्थिति बिगड़ने पर ईएमटी ने कंट्रोल रूम में मौजूद आरसीपी डॉक्टर को सूचना दी। डॉक्टर के निर्देश पर अंबु बैग से ऑक्सीजन सपोर्ट, आवश्यक दवाओं और उपकरणों की सहायता से नवजात को सुरक्षित गोरखपुर मेडिकल कॉलेज पहुँचाया गया।

सूत्रों के अनुसार, नवजात शिशु वर्तमान में वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती है और उसकी स्थिति धीरे-धीरे सुधार की ओर है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

Related Articles

Back to top button