छठ पर्व पर वृंदावन चंद्रभान पाण्डेय ने दीं शुभकामनाएं, बोले- मौका मिला तो कप्तानगंज के विकास को देंगे नई पहचान

जनता के बीच रहकर समझ रहे हैं समस्याएं, बोले- कप्तानगंज को आदर्श विधानसभा बनाना है लक्ष्य

कप्तानगंज/बस्ती। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं विधानसभा क्षेत्र कप्तानगंज के भावी प्रत्याशी वृंदावन चंद्रभान पाण्डेय ने क्षेत्र की समस्त व्रती महिलाओं, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छठी मैया से प्रार्थना करते हुए कहा कि सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि बनी रहे। हर परिवार में खुशहाली आए और क्षेत्र में आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव का वातावरण कायम रहे।

छठ पर्व की महत्ता पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और अटूट आस्था का प्रतीक है। छठ पूजा हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के साथ ही संयम, समर्पण और सामाजिक एकता की प्रेरणा देती है।

विधानसभा क्षेत्र कप्तानगंज के विकास पर अपनी बात रखते हुए वृंदावन चंद्रभान पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा सरकार विकास की दिशा में अनेक कार्य कर रही है। उनका मानना है कि भाजपा सरकार की विकास संबंधी नीतियों से प्रदेश में बदलाव आया है, लेकिन कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में अभी भी विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य होने बाकी हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मौजूदा विकास गति अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। पिछले भाजपा कार्यकाल में जिस तरह विकास कार्यों को गति मिली थी, उसी तरह फिर से योजनाबद्ध तरीके से विकास की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, जलनिकासी और रोजगार जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलें, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध हों और किसानों की समस्याओं का प्रभावी समाधान हो, यह विकास की प्राथमिकता होनी चाहिए।

वृंदावन चंद्रभान पाण्डेय ने कहा कि यदि पार्टी उन्हें विधानसभा चुनाव में जनता के बीच काम करने का अवसर देती है और क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद प्राप्त होता है तो कप्तानगंज विधानसभा को एक आदर्श एवं विकसित विधानसभा बनाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य केवल राजनीतिक पहचान बनाना नहीं, बल्कि क्षेत्र की तस्वीर बदलने के लिए धरातल पर काम करना है।

उन्होंने कहा कि विकास का लाभ केवल कुछ गांवों या कस्बों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव और प्रत्येक परिवार तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए जनता की जरूरतों के अनुरूप विकास की कार्ययोजना तैयार कराई जाएगी। जनसमस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से वह स्वयं और उनके सहयोगी कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में निरंतर जनसंपर्क कर रहे हैं। इस दौरान गांवों में पहुंचकर लोगों से मुलाकात की जा रही है और उनकी परेशानियों को करीब से समझने का प्रयास किया जा रहा है। जनसंपर्क के दौरान बुजुर्गों, युवाओं, किसानों, महिलाओं और समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहने से ही क्षेत्र की वास्तविक स्थिति और समस्याओं की जानकारी मिलती है। जनसेवा का अर्थ केवल मंच से बड़ी-बड़ी बातें करना नहीं, बल्कि जरूरत के समय लोगों के साथ खड़े रहना और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करना है। इसी भावना के साथ वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं।

वृंदावन चंद्रभान पाण्डेय ने कहा कि कप्तानगंज की जनता के पास विकास को लेकर अनेक उम्मीदें हैं। इन उम्मीदों को पूरा करने के लिए ईमानदार प्रयास, मजबूत इच्छाशक्ति और जनता के साथ निरंतर संवाद जरूरी है। यदि उन्हें जिम्मेदारी मिलती है तो जनता के सहयोग से कप्तानगंज को विकास की नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।

अंत में उन्होंने सभी व्रती महिलाओं को छठ महापर्व की पुनः शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया से समस्त क्षेत्रवासियों के सुखमय जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button