
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, 530 बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में लिया हिस्सा
बस्ती। सुरेंद्र नगर कटरा स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में शनिवार को बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता और बाल मेले का आयोजन किया गया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्ले-वे से कक्षा पांच तक के 530 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। वहीं कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित मेले में बच्चों ने विभिन्न व्यंजनों और खेलों का आनंद उठाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह और प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने मां सरस्वती, पंडित जवाहरलाल नेहरू तथा विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान कक्षा सात और आठ की छात्रा नबीहा ने साथियों के साथ सरस्वती वंदना पर शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने विभिन्न आकर्षक परिधानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भारतीय संस्कृति, ऐतिहासिक व्यक्तित्वों और आधुनिक परिवेश से जुड़े परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया। निर्णायक मंडल में शामिल पूजा जायसवाल, अभिलाषा और रुचि ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर विजेताओं के नाम घोषित किए।
प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलता है। विद्यालय में होने वाली गतिविधियां बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन पर भी प्रकाश डाला। निदेशक राहुल सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बाल मेले में शिक्षकों की ओर से विभिन्न व्यंजनों के स्टाल लगाए गए। हेल्दी स्नैक्स, पारंपरिक व्यंजन और मिठाइयों का बच्चों ने आनंद लिया। इसके अलावा शूटिंग, तीरंदाजी, मोमबत्ती बुझाओ-इनाम पाओ और बैलून बैलेंसिंग जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी आकर्षण का केंद्र रहीं। प्रबंधक, निदेशक और प्रधानाचार्या ने स्टालों का निरीक्षण कर शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की।
प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों, अभिभावकों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों और सहयोगी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजन को सफल बनाने में तन्मय पाण्डेय, राजमणि वर्मा, निष्ठा पाण्डेय, प्रीति अस्थाना, मधु सिंह, श्रद्धा सिंह, वैभव पाण्डेय, सुभाष मणि तिवारी, संध्या तिवारी, अंशु और सुस्मिता सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।





