राजन इंटरनेशनल एकेडमी में भव्य बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा मन

पूर्व विधायक जय चौबे ने किया शुभारंभ, स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर दी श्रद्धांजलि, ब्लू हाउस रहा विजेता

बस्ती। मंडल मुख्यालय स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान राजन इंटरनेशनल एकेडमी में भव्य बाल मेले एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस आयोजन में प्लेवे से लेकर कक्षा 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, व्यावहारिक ज्ञान और बहुमुखी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खलीलाबाद के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण चौबे उर्फ जय चौबे रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में एकेडमी की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्वांचल के मालवीय कहे जाने वाले संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मुख्य अतिथि जय चौबे ने संस्था के पदाधिकारियों एवं अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर शिक्षकों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का स्वागत राजन इंटरनेशनल एकेडमी की प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी, राजन महिला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य एवं एकेडमी के कार्यकारी निदेशक संजीव पांडेय तथा प्रधानाचार्य सानू एंटोनी ने किया। शिखा चतुर्वेदी ने अतिथियों को बुके, स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

बाल मेले के अंतर्गत चार हाउसों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। प्रतियोगिता में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर ग्रीन हाउस ने प्रथम स्थान हासिल करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

बाल मेले का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल रहे। छात्र-छात्राओं ने स्वयं तैयार किए गए स्वादिष्ट व्यंजनों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। अतिथियों ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उनके बनाए व्यंजनों का स्वाद भी लिया।

वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और तकनीकी समझ का शानदार परिचय दिया। प्रदर्शनी में सोलर कूलर, मिसाइल मॉडल, गोबर गैस प्लांट, ब्लड सर्कुलेशन सिस्टम, स्वास्थ्य जांच उपकरण, ग्रीन सिटी तथा स्वच्छता अभियान से संबंधित मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने अपने-अपने प्रोजेक्ट के माध्यम से अतिथियों को उनकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

प्रबंध निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया। विशेष रूप से स्वास्थ्य जांच उपकरण, ब्लड सर्कुलेशन सिस्टम और ग्रीन सिटी जैसे प्रोजेक्ट की सराहना करते हुए उन्होंने बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि जय चौबे ने कहा कि राजन इंटरनेशनल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने कम समय में जिस उत्कृष्टता और रचनात्मकता के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर विश्वास होता है कि राजन ग्रुप के विद्यार्थी भविष्य में देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

प्रधानाचार्य शानू एंटोनी ने कहा कि बाल मेला और विज्ञान प्रदर्शनी जैसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, टीम भावना के साथ कार्य करने और किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिलता है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक रूप से ही नहीं, बल्कि रचनात्मक, आत्मनिर्भर और वैज्ञानिक दृष्टिकोण से भी सक्षम बनाना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने एकेडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजन ने यह संदेश दिया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानकर उसे नई दिशा देना भी है।

Related Articles

Back to top button