
पुलिस अधीक्षक बस्ती ने मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिला पुलिस बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद बस्ती में एक भव्य महिला पुलिस बाइक रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक बस्ती अभिनन्दन ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने हेतु समाज में व्यापक जागरूकता फैलाना भी है। महिला पुलिस बाइक रैली नारी शक्ति के साहस और क्षमता का प्रतीक है।
रैली के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 181, 1076, 1098 की जानकारी दी तथा साइबर अपराध से बचाव, आत्मरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति प्रेरित किया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत बस्ती पुलिस द्वारा एंटी-रोमियो दस्तों का गठन किया जाएगा और स्कूलों, कॉलेजों व ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर छात्राओं एवं महिलाओं को जागरूक किया जाएगा।
इस अवसर पर सभी संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।





