
अवसर मिला तो विधानसभा चुनाव मैंदान में उतरेंगे अभय प्रताप सिंह
बस्ती। भाजपा कार्यकारिणी सदस्य एवं हिन्दू युवा वाहिनी के वरिष्ठ कार्यकर्ता अभय प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने अपने 24 वर्षों के संगठनात्मक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2002 से वह हिंदू युवा वाहिनी के माध्यम से राष्ट्र, धर्म और समाज की सेवा में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने बताया कि संगठन में नगर अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एवं जिला संयोजक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली और बस्ती सहित कई जनपदों में संगठन के विस्तार और हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में बस्ती में परमपूज्य महाराज योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में विशाल हिंदू चेतना रैली एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें लगभग 35 हजार लोगों ने भाग लिया।
जिला अध्यक्ष के रूप में अभय प्रताप सिंह ने बस्ती के सभी 14 विकास खंडों, नगर के 25 वार्डों तथा तहसील से लेकर न्याय पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार कर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार किया। साथ ही गौरीदत्त धर्मशाला में महाराज जी की उपस्थिति में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का सफल आयोजन भी कराया।
उन्होंने सामाजिक समरसता को संगठन की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हरिजन बस्तियों में नियमित समरसता भोज का आयोजन किया गया तथा छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया गया। उनके कार्यकाल में शुरू हुआ फलाहार कार्यक्रम आज बस्ती की पहचान बन चुका है और पूरे उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।
अभय प्रताप सिंह ने कहा कि 24 वर्षों के संगठनात्मक जीवन में उन्होंने सदैव बेदाग, समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में कार्य किया है। समाज के सभी वर्गों का उन्हें सम्मान और विश्वास प्राप्त हुआ है।
उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की इच्छा भी व्यक्त की। उनका कहना है कि यदि पार्टी नेतृत्व उन्हें अवसर देता है, तो वह संगठन की नीतियों और जनसेवा के अपने अनुभव के बल पर क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि होगा और वह सदैव संगठन के अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे।





