एम.आर. जयपुरिया स्कूल, बस्ती के छात्रों का जलवा: मैथ व साइंस ओलंपियाड में 13 गोल्ड मेडल, स्कूल में जश्न

बस्ती। एम.आर. जयपुरिया स्कूल, बस्ती कैंपस के लिए यह किसी उपलब्धि से कम नहीं है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर जनपद का नाम रोशन किया है। METTSURE TECHNOLOGIES द्वारा नवंबर 2025 में आयोजित Mittsure Olympiad Masters 2025 में स्कूल के विद्यार्थियों ने मैथ और साइंस विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की। इस प्रतिष्ठित ओलंपियाड में विद्यालय के कुल 13 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल जीतकर अपने-अपने वर्ग में टॉप स्थान प्राप्त किया, जिससे पूरे स्कूल परिसर में खुशी का माहौल है।

प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी लगन, जिज्ञासा और निरंतर अभ्यास के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस सफलता ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे बस्ती जनपद को गौरवान्वित किया है। विद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया।

मैथेमेटिक्स ओलंपियाड में विद्यालय के कई विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ग्रेड 1 की रिया मौर्या, ग्रेड 3 के अक्षज मिश्रा, ग्रेड 4 के रुद्र प्रताप वर्मा, ग्रेड 6 के अंकित यादव, ग्रेड 8 की प्रशंसा सिंह तथा ग्रेड 9 के मानस मिश्रा ने अपने-अपने वर्ग में टॉप स्थान प्राप्त करते हुए गोल्ड मेडल जीते। इन छात्रों की उपलब्धि ने विद्यालय को गौरवान्वित किया है।

साइंस ओलंपियाड में भी एम.आर. जयपुरिया स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किए। ग्रेड 3 की वृतिका पांडे, ग्रेड 4 के रुद्र प्रताप वर्मा, ग्रेड 5 के एस. सिद्धार्थ राज, ग्रेड 6 के आद्विक शुक्ला, ग्रेड 7 की शिफा शराफत, ग्रेड 8 की अर्शी फातिमा तथा ग्रेड 9 के शरद यादव ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि रुद्र प्रताप वर्मा ने मैथ और साइंस दोनों विषयों में गोल्ड मेडल जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की।

विद्यालय के निदेशक मंडल ने विद्यार्थियों की इस शानदार सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि ओलंपियाड जैसे प्लेटफॉर्म बच्चों की विश्लेषणात्मक सोच और विषयों के प्रति गहरी समझ विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हो सकी है। सभी विजेताओं और उनके मेंटर्स को बधाई देते हुए उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

प्रधानाचार्य प्रकाश जोशी ने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की निरंतर मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करना है। सभी गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार ने सभी विजेता छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे इसी तरह सीखते रहें, नई चीजों की खोज करते रहें और सफलता की नई ऊंचाइयों को छूते रहें। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय में उत्साह का माहौल है और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिल रही है कि वे भी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button