सूर्या चौहान हत्याकांड के सभी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, डीएम को सौंपा ज्ञापन

बस्ती, 2 जून। गाजियाबाद में ईद के दिन हुई सूर्या चौहान की हत्या के मामले को लेकर अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल, बस्ती गोरक्ष प्रांत के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को ज्ञापन भेजकर सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि इस जघन्य घटना से समाज में व्यापक आक्रोश और दुख है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई सराहनीय है, जिससे आम जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास मजबूत हुआ है।

ज्ञापन में मांग की गई कि हत्या में शामिल शेष आरोपियों तथा साजिश में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत मंत्री मनमोहन त्रिपाठी, अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के जिला प्रमुख मोहन राव, जिला महामंत्री रवीन्द्र कश्यप, नगर उपाध्यक्ष तेजराम, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रहरि, तहसील अध्यक्ष राजू चौहान, जिला कार्यकारिणी सदस्य राजेश मणि त्रिपाठी, विनोद निषाद, रामजी, विनीत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button