
लिटिल फ्लावर्स स्कूल बस्ती ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में फिर लहराया सफलता का परचम
बस्ती, 13 मई 2026। सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 12वीं परीक्षा परिणाम में लिटिल फ्लावर्स स्कूल, बस्ती ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। विद्यालय की छात्रा सृष्टि शुक्ला ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। खास बात यह रही कि सृष्टि ने अकाउंटेंसी विषय में 100 में 99 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बन गया और छात्र, शिक्षक तथा अभिभावकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर आयोजित स्वागत समारोह में विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, निर्देशक राहुल सिंह एवं निर्देशिका अपर्णा सिंह ने मेधावी छात्रों को मिठाई खिलाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के अनुसार, इस वर्ष कक्षा 12वीं में 20 से अधिक विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक तथा 50 से अधिक विद्यार्थियों ने 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं।
विद्यालय की टॉपर सूची में सृष्टि शुक्ला 96 प्रतिशत के साथ प्रथम, आस्था सिंह 94 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा किन्जल सिंह एवं ज्योति यादव 93 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
इसके अलावा अनुष्का पटेल, आयुष सिंह, इकरा चौधरी, साक्षी, अदिति सिंह (92%), रागिनी यादव (91.40%), सारन्या सिंह, दिव्य, अर्चना साहु, श्रेया सिंह, राज वर्मा (91%), गरिमा चौधरी (90.40%), नैन्सी मिश्रा, वर्षा शर्मा, दीपक विश्वकर्मा, दीपाली श्रीवास्तव, शालिनी चौधरी, बैष्णवी श्रीवास्तव एवं मीनाक्षी पाल (90%) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता बनाए रखेगा।
विद्यालय के निर्देशक राहुल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर है। उन्होंने कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को निराश न होने और दोगुनी मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय द्वारा “सुमधुर फाउंडेशन क्लासेस” प्रारंभ की गई हैं, जिनमें नियमित टेस्ट, डाउट क्लियरिंग सेशन एवं विशेष मार्गदर्शन के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी को और मजबूत बनाया जाएगा।
विद्यालय की निर्देशिका अपर्णा सिंह ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को अपेक्षा के अनुरूप अंक नहीं मिले हैं, उन्हें हताश होने की आवश्यकता नहीं है। मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर वे आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने सभी छात्रों को भविष्य में भी समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, समन्वयक, अभिभावक एवं विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।





