फव्वारा चौराहा का नाम ‘वंदेमातरम् चौक’ करने की मांग, अखिलेश सिंह के संयोजन में डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

बस्ती। विश्व हिन्दू महासंघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश सिंह के संयोजन में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर जनपद के फव्वारा चौराहा का नाम बदलकर ‘वंदेमातरम् चौक’ करने की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया कि यह प्रस्ताव सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से रखा गया है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा गया कि ‘वंदेमातरम्’ केवल एक गीत नहीं बल्कि स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक रहा है। ऐसे में जनपद के प्रमुख चौराहे का नाम ‘वंदेमातरम् चौक’ रखे जाने से नई पीढ़ी में देशप्रेम की भावना और अधिक मजबूत होगी।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी बताया गया कि वंदेमातरम् गीत की 151वीं वर्षगांठ तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीरों—भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस के संदर्भ में यह मांग और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। संगठन ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में प्रमुख चौराहों का नाम ‘वंदेमातरम् चौक’ रखने की पहल की जानी चाहिए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रस्तावित चौक को शहीदों की स्मृति में सजाया जाएगा, जहां तिरंगा, भारत माता के चित्र और देशभक्ति से जुड़े प्रतीक स्थापित किए जाएंगे।
अंत में संगठन ने प्रशासन से मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए फव्वारा चौराहा का नाम शीघ्र ही ‘वंदेमातरम् चौक’ घोषित किया जाए।

Related Articles

Back to top button