कायस्थ सेवा ट्रस्ट में मुकेश श्रीवास्तव पुनः जिलाध्यक्ष, नवीन श्रीवास्तव बने मंडल अध्यक्ष

बस्ती।रविवार को चित्रगुप्त मंदिर के सभागार में कायस्थ सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित बैठक में संगठनात्मक मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समस्त पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से मुकेश श्रीवास्तव को पुनः कायस्थ सेवा ट्रस्ट का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि नवीन श्रीवास्तव को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ सेवा ट्रस्ट समाज के उत्थान, शिक्षा, सेवा एवं संगठन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक अजय श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रस्ट की स्थापना समाज सेवा और कायस्थ समाज को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में संगठन समाजहित में और अधिक प्रभावी कार्य करेगा।

नव नियुक्त मंडल अध्यक्ष नवीन श्रीवास्तव ने अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे मंडल स्तर पर ट्रस्ट की नीतियों को मजबूती से लागू करेंगे तथा समाज के हित में नए कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों नियुक्तियों का स्वागत करते हुए संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा, समाजसेवी दिनेश श्रीवास्तव, राजेश चित्रगुप्त, प्रकाश मोहन श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, सर्वेश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, उमेश श्रीवास्तव सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Back to top button