गुरू गोविन्द सिंह चौक पर स्थापित हुआ खण्डाः उमड़ी आस्था

सिरोपाव भेंट कर किया सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती का सम्मान

बस्ती। शनिवार को वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह से कंपनीबाग चौराहा गूंज उठा। पंजाब से आया गुरु गोविंद सिंह का पवित्र ‘खण्डा’ गुरू गोविन्द सिंह चौक पर स्थापित हुआ ।

सड़क चौड़ीकरण के दौरान कम्पनीबाग स्थित गुरू गोविन्द सिंह चौक को हटाना पड़ा था। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना, एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती के प्रयास से पुनः इसका भव्य निर्माण कराया गया।

शनिवार को सिख पंथ का शौर्य, न्याय और एकता का प्रतीक सिखों के दसवें गुरु, गुरु गोविंद सिंह के नाम पर बना कंपनी बाग चौक ‘बोले सो निहाल’ के जयकारों से गूंज उठा। सड़क चौड़ीकरण के दौरान हटाए गए गुरु गोविंद सिंह चौक को नए स्वरूप में पुर्नस्थापित कर दिया गया । पंजाब के मोगा से चलकर आया सिखों का पवित्र प्रतीक चिन्ह ’खंडा’ पूरे सम्मान के साथ चौक पर स्थापित किया गया। फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा से हुए भव्य स्वागत ने माहौल को भावुक कर दिया।

पूर्वान्चल सिख बेलफेयर सोसायटी के संस्थापक सरदार जगबीर सिंह ने बताया कि खंडा सिख धर्म का सर्वोच्च धार्मिक प्रतीक है। इसके बीच में दोधारी तलवार ’खंडा’ सत्य और न्याय का प्रतीक है। इसके चारों ओर ’चक्कर’ ईश्वर की एकता और अनंत काल को दर्शाता है। दोनों ओर की दो ’कृपाणें’ मीरी-पीरी यानी आध्यात्मिक और राजनीतिक शक्ति का संदेश देती हैं। खंडा त्याग, शौर्य और कमजोरों की रक्षा का संकल्प दिलाता है। गुरु गोविंद सिंह ने इसे पंथ की पहचान बनाया था।

ज्ञात रहे कि सड़क चौड़ीकरण के चलते गुरु गोविंद सिंह चौक को तोड़ना पड़ा था, उस समय अपर जिला अधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने आश्वासन दिया था कि चौक को पहले से ज्यादा चौड़ा और भव्य बनाया जाएगा। सरदार जगबीर सिंह के अथक प्रयास और पीडब्ल्यूडी के जेई अभिषेक सिंह के सराहनीय योगदान से यह वादा पूरा हुआ है। नए चौक को आधुनिक तरीके से डिजाइन किया जा रहा है, जिसकी शान अब यह खंडा बनेगा। जैसे ही क्रेन से खंडा को चौक पर उतारा गया, उपस्थित लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। ‘वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह’ के नारों से पूरा कंपनी बाग क्षेत्र गूंज उठा। श्रद्धालुओं की आंखों में खुशी और गर्व साफ झलक रहा था।

इस ऐतिहासिक मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती को गुरूद्वारा गुरू सिंह सभा द्वारा सिरोपाव भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्य रूप से सरदार जगबीर सिंह, ज्ञानी प्रदीप सिंह, हरभजन सिंह, जोगिंदर सिंह, कुलदीप सिंह, प्रभजोत सिंह, इंद्रपाल सिंह, हरि सिंह बबलू, राजेश चित्रगुप्त, अखिलेश शुक्ला, तरनजोत सिंह, ओम प्रकाश अरोड़ा, जय प्रकाश अरोड़ा, अमृतपाल सिंह, सनम सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को बधाई दी और प्रशासन का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह चौक बस्ती की पहचान है। खण्डा की स्थापना से शहर की सांस्कृतिक विरासत और मजबूत हुई है।

Related Articles

Back to top button