उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में धूमधाम से मना नवरात्रि पर्व, डांडिया नृत्य ने मोहा मन

बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में दी मनमोहक प्रस्तुतियां, भारतीय संस्कृति और परंपराओं का दिया संदेश

बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में नवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्सवमय हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल और प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नवरात्रि पर्व की महत्ता और भारतीय परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी विशेष महत्व दिया जाता है। इन गतिविधियों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। बच्चों के उत्साह, उमंग और आकर्षक प्रस्तुतियों ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Related Articles

Back to top button