
सागर में अखिल भारतीय स्वदेशी मेला की तैयारी बैठक संपन्न, 125 मेलों का संकल्प
केशवेंद्र को गोरक्ष प्रांत का मेला प्रमुख, विवेक को प्रांत मेला पूर्णकालिक का दायित्व
बस्ती/गोरखपुर।सागर (मध्य प्रदेश)। स्वदेशी उत्पादों, स्थानीय कारीगरों एवं भारतीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सागर में अखिल भारतीय स्वदेशी मेला की तैयारी बैठक आयोजित हुई। बैठक में 22 प्रांतों के 198 प्रमुख कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। आगामी वर्ष में देशभर में स्वदेशी मेलों के सफल आयोजन को लेकर आयोजन की रूपरेखा, तिथियों, तैयारियों एवं विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में स्वदेशी जागरण मंच के अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल, अखिल भारतीय सह-संगठक सतीश कुमार, स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन के चेयरमैन सतीश चावला, अखिल भारतीय स्वदेशी मेला प्रमुख सचिन्द्र कुमार बरियार, सह-प्रमुख साकेत सिंह राठौर तथा उत्तर प्रदेश स्वदेशी मेला प्रमुख डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी सहित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अखिल भारतीय संगठक कश्मीरी लाल ने कहा कि स्वदेशी केवल वस्तुओं की खरीद-बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने का राष्ट्रव्यापी अभियान है। उन्होंने स्वदेशी के संदेश को घर-घर पहुंचाने का आह्वान किया।
अखिल भारतीय स्वदेशी मेला प्रमुख सचिन्द्र कुमार बरियार ने उत्तर प्रदेश में 25 स्वदेशी मेले आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया। वहीं गोरक्ष प्रांत के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों में मेले के लिए कार्यकर्ताओं के निर्माण की जिम्मेदारी केशवेंद्र को गोरक्ष प्रांत मेला प्रमुख के रूप में सौंपी गई। साथ ही विवेक को प्रांत मेला पूर्णकालिक के रूप में कार्य करने का दायित्व दिया गया।
गोरक्ष प्रांत मेला प्रमुख केशवेंद्र ने अपने प्रांत में कम से कम पांच स्वदेशी मेले आयोजित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में आगामी वर्ष में कुल 125 स्वदेशी मेलों के आयोजन का संकल्प लिया गया।




