
होली से पहले अवैध कच्ची शराब पर बड़ी कार्रवाई, 15 लीटर शराब बरामद
बस्ती, जनपद में आगामी होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अवैध कच्ची शराब के निर्माण व बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को थाना मुंडेरवा क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक बस्ती डा0 यशवीर सिंह के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान व अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी रूधौली कुलदीप सिंह यादव तथा थानाध्यक्ष मुंडेरवा प्रदीप कुमार सिंह की पुलिस टीम एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मोहल्ला करवल कॉलोनी में सघन दबिश दी।
दबिश के दौरान अभियुक्ता शांति देवी पत्नी राजकुमार निवासी करवल कॉलोनी, थाना मुंडेरवा, जनपद बस्ती के कब्जे से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब एवं शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। साथ ही मौके पर पाए गए लगभग 350 लीटर लहन को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
इस संबंध में थाना मुंडेरवा पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।





