
नौ दिवसीय श्री वशिष्ठ राम कथा का भव्य आयोजन, 11 फरवरी को निकलेगी विराट रथ यात्रा
बढ़नी मिश्र (बस्ती)।श्री मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के श्री कुलगुरु महर्षि वशिष्ठ की तपोभूमि श्री वशिष्ठ आश्रम, बढ़नी मिश्र (निकट गोटवा) में नौ दिवसीय श्री वशिष्ठ राम कथा का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया जा रहा है। कथा वाचन तुलसी पीठाधीश्वर पद्म विभूषण जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज द्वारा किया जाएगा। आयोजन का नेतृत्व आदरणीय राणा दिनेश प्रताप सिंह करेंगे।
इस संबंध में नृत्यधाम के संस्थापक एवं कथक गुरु मास्टर शिव ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 फरवरी 2026 को भूमि पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, जबकि 11 फरवरी 2026 को विराट एवं भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ बढ़नी मिश्र से अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान करेगी। यात्रा का उद्देश्य प्रभु श्री राम के संपूर्ण परिवार को आमंत्रण देना तथा उनका स्वागत-सम्मान करना है।
कथा के उपरांत प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनपद, प्रदेश एवं देश के कलाकार प्रभु श्री राम की वंदना एवं उनके आदर्शों पर आधारित प्रस्तुतियाँ देंगे। मास्टर शिव ने जनपद एवं प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का आग्रह किया।
विशेष प्रस्तुति में नृत्यधाम के कलाकार राजीव रंजन (निर्देशन), आदित्य सोनकर, शिवांगी, सूरज, माही, पलक चौधरी, सिमरन चौधरी, खुशी चौधरी, सविता, प्रीति यादव, नीलम शर्मा, राजकुमारी, संदीप एवं अंशु द्वारा विशेष नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी।





