लिटिल फ्लावर्स स्कूल में धूमधाम से मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

राधा-कृष्ण की रासलीला, कृष्ण-सुदामा प्रसंग और गोवर्धन लीला ने मोहा मन

बस्ती। मधुपुरम् स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण के जीवन और लीलाओं पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्म की झांकी, राधा-कृष्ण व गोपियों की रासलीला, कृष्ण-सुदामा प्रसंग, गोवर्धन लीला, पूतना प्रसंग, कंस वध, देवकी-वासुदेव विवाह और कालिया नाग के मान-मर्दन सहित विभिन्न लघुनाटिकाओं, नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं। श्रीकृष्ण जन्म की झांकी और राधा-कृष्ण की रासलीला ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। कृष्ण-सुदामा की मित्रता पर आधारित प्रस्तुति ने भावुक कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह और निदेशिका अर्पणा सिंह मौजूद रहीं। प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से ज्ञान, कर्म, योग और अनुशासन की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
निदेशक राहुल सिंह ने श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके आध्यात्मिक एवं सामाजिक संदेशों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। निदेशिका अर्पणा सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व प्रेम, करुणा, ज्ञान, नीति और कर्म का अद्भुत समन्वय है। एक ओर उनके हाथ में बंसी है तो दूसरी ओर सुदर्शन चक्र, वहीं गीता का ज्ञान जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा देता है।
प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का आभार जताया। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Related Articles

Back to top button