रंग लायी एमएलसी सुभाष यदुवंश की पहलः लालगंज वीरितिया बानपुर मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 34.61 करोड़ मंजूर

50 वर्षों से उपेक्षित 11 किलोमीटर लंबी सड़क का होगा कायाकल्प

बस्ती। लालगंज वीरितिया वाया बानपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए शासन ने 34.61 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। विधान परिषद सदस्य एवं सभापति विनियमन समिति सुभाष यदुवंश के प्रस्ताव और निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप 11 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के विकास का रास्ता साफ हुआ है। सड़क के निर्माण एवं चौड़ीकरण से क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
आमी नदी के किनारे स्थित यह मार्ग पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से उपेक्षा का शिकार था। सड़क की जर्जर स्थिति, संकरा रास्ता, घने नरकट और झाड़ियों के साथ जलजमाव की समस्या के कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की मांग कर रहे थे। अब शासन से स्वीकृति मिलने के बाद लोगों में विकास कार्य को लेकर उम्मीद जगी है।
क्षेत्र की इस पुरानी समस्या के समाधान के लिए एमएलसी सुभाष यदुवंश लगातार प्रयास कर रहे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का प्रस्ताव रखा था। उनके प्रस्ताव और प्रयासों के बाद शासन ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 3460.61 लाख करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद प्रतिदिन लगभग 30 हजार लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। सड़क बेहतर होने से बस्ती और संत कबीर नगर जनपदों के बीच संपर्क मजबूत होगा। ग्रामीणों को बाजार, शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी। इसके साथ ही किसानों को कृषि उत्पादों के परिवहन तथा व्यापारियों को अपने व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों में सहूलियत मिलेगी। मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होने की संभावना है। बेहतर सड़क संपर्क से आपातकालीन सेवाओं की पहुंच आसान होगी तथा ग्रामीण अंचलों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। आमी नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में आवागमन और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
मार्ग की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि यह सड़क उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी विशेष महत्व रखती है। इसी मार्ग पर आते-जाते और खेलते-कूदते उनका बचपन बीता है। ऐसे में इस सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृति मिलना उनके लिए प्रसन्नता और आत्मिक संतोष का विषय है। कहा कि क्षेत्र की यह पुरानी समस्या लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी। सड़क के विकास से बड़ी संख्या में ग्रामीणों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
लालगंज वीरितिया-बानपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए बजट स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय जनता ने खुशी जाहिर की। पंकज सिंह, रमेश चौधरी, संजय यादव, रामदेव यादव और अभिषेक दुबे सहित अन्य लोगों ने इस निर्णय का स्वागत किया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क के बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। व्यापारियों को भी आवागमन और व्यावसायिक गतिविधियों में सुविधा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना से ग्रामीण अंचलों का विकास तेज होगा और बस्ती जिले की कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Back to top button