बस्ती में जिला स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता 25 अक्टूबर को

30 से 100 वर्ष तक के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा चयन

बस्ती, 20 अक्टूबर। अमर शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में 25 अक्टूबर को जिला स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें 30 वर्ष से लेकर 100 वर्ष तक के वरिष्ठ महिला एवं पुरुष खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी 31 अक्टूबर और एक नवंबर को लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे।

उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार को स्टेडियम परिसर में आयोजित आयोजन समिति की बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न निर्णय लिए गए।

प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800, 1500, 3000, 5000 और 10000 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और हैमर थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से अनुभवी खिलाड़ी अपनी शारीरिक क्षमता, खेल कौशल और उत्साह का प्रदर्शन करेंगे।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं बस्ती मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन की जिला सचिव नीलू मिश्रा वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। इसके अलावा राना दिनेश प्रताप सिंह, भीमसेन सिंह, साबरा बेगम, राकेश पांडेय गुरुजी, वंदना सिंह, रमेश गुप्ता, चंद्रभूषण सिंह, विनोद कुमार, विक्रम प्रताप सिंह, रज्जाक शाह और सुनील सिंह ने अपने विचार रखे तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

Related Articles

Back to top button