
यूपी में होगा आठवां सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड्स शो, भोजपुरी सितारों से सजेगा मंच
बस्ती। भोजपुरी सिनेमा के प्रतिष्ठित आयोजनों में शामिल सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड्स शो का आठवां संस्करण इस बार उत्तर प्रदेश में आयोजित होगा। भोजपुरी फिल्म जगत के कलाकारों, निर्माता-निर्देशकों, गायकों और तकनीशियनों को सम्मानित करने वाले इस आयोजन को लेकर युवा चेतना पुस्तकालय, मिश्रौलिया में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर सरस सलिल पत्रिका के इंचार्ज एडिटर भानु प्रकाश राणा ने बताया कि आठवें सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड्स शो के आयोजन की तैयारी की जा रही है। इस बार उत्तर प्रदेश में भोजपुरी सिनेमा की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने और उनके योगदान को सम्मानित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड्स शो का सफर बस्ती से शुरू हुआ था। इसके बाद इस आयोजन ने अलग-अलग शहरों में अपनी पहचान बनाई। सातवें संस्करण का आयोजन 15 मार्च 2026 को बिहार की राजधानी पटना के बापू सभागार में हुआ था। अब आठवें संस्करण के लिए उत्तर प्रदेश का चयन भोजपुरी सिनेमा और पूर्वांचल की सांस्कृतिक पहचान को नया मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अवॉर्ड के मुख्य संयोजन दिल्ली प्रेस प्रतिनिधि बृहस्पति कुमार पाण्डेय ने बताया बताया कि सरस सलिल भोजपुरी सिने अवॉर्ड्स के माध्यम से भोजपुरी फिल्म उद्योग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों और तकनीशियनों को सम्मानित किया जाता है। यह आयोजन न केवल स्थापित कलाकारों के काम को पहचान देता है, बल्कि भोजपुरी सिनेमा से जुड़ी नई प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। भोजपुरी भाषा, लोकसंस्कृति और सामाजिक जीवन को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाले कलाकारों को प्रोत्साहन देना इस आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में शामिल है।
उन्होंने बताया कि अब तक इस अवॉर्ड से भोजपुरी सिनेमा के कई चर्चित कलाकारों को सम्मानित किया जा चुका है। इनमें दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, अरविंद अकेला ‘कल्लू’, समर सिंह, प्रदीप पांडेय ‘चिंटू’, आम्रपाली दुबे, अंजना सिंह, रक्षा गुप्ता, संजय पांडेय, आर्यन बाबू, अपर्णा मलिक, के के गोस्वामी, संजना पाण्डेय, कुणाल सिंह, रिचा दीक्षित, देव सिंह, मनोज सिंह ‘टाइगर’, ‘बतासा चाचा’ और ‘ढेला बाबा’, अनूप अरोड़ा, के नाम प्रमुख रूप से शामिल हैं। इनके अलावा सीपी भट्ट सहित भोजपुरी फिल्म जगत की सैकड़ो प्रमुख हस्तियां भी इस अवॉर्ड से सम्मानित हो चुकी हैं।





