
बस्ती में नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
Basti जनपद बस्ती के थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकली नोट चलाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 4.20 लाख रुपये के नकली नोट, सात मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, बक्सई तिराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को बक्सई घाट पुल के पास गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्तों में मुस्तफा, नबीउल्लाह, नबीउल्लाह उस्मानी, हबीर्बुर्रहमान और मणिकांत चौधरी शामिल हैं, जो अलग-अलग जिलों व नेपाल से जुड़े हुए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह बैंक के आसपास घूमकर पैसे निकालने वाले लोगों को दोगुना रकम देने का लालच देता था। नकली नोटों की गड्डी के ऊपर-नीचे असली नोट लगाकर लोगों को झांसे में लेकर उनके असली पैसे ठग लेते थे।
पुलिस ने बताया कि गिरोह कई जिलों में सक्रिय था और पहले भी कुछ सदस्य जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना वाल्टरगंज में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना वाल्टरगंज पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही।





