
डीआईजी संजीव त्यागी ने जनचौपाल लगाकर सुनीं लोगों की समस्याएं, कम्यूनिटी पुलिसिंग पर दिया जोर
बस्ती, 15 जून 2026। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने रविवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के सिमरन लॉज में कम्यूनिटी पुलिसिंग के तहत जनचौपाल आयोजित कर आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम में नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों की समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना गया।
जनचौपाल के दौरान डीआईजी ने पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चर्चा करते हुए पुलिस को सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नशा उन्मूलन, सोशल मीडिया के दुरुपयोग तथा सामुदायिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया। डीआईजी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
डीआईजी ने संबंधित सीपीयू प्रभारी को निर्देश दिया कि वे क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर आमजन, वृद्धजनों एवं दिव्यांग व्यक्तियों से संवाद स्थापित करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही महिला सुरक्षा एवं बाल संरक्षण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार, मिशन शक्ति अभियान एवं बहू-बेटी सम्मेलन कार्यक्रमों में सक्रिय सहयोग तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित सूचना एवं विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





