पैरावेट कार्यकर्ताओ ने बकाया भुगतान को लेकर जिलाधिकारी से लगाई गुहार

बस्ती। जनपद के पैरावेट कार्यकर्ताओ ने पशुगणना, पांचवें चरण के टीकाकरण, एआईपीडी कैल्विन एवं विभिन्न विभागीय कार्यों के भुगतान में हो रही देरी को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग की है। कार्यकर्ताओ ने आरोप लगाया कि लंबे समय से कार्य करने के बावजूद उन्हें उनकी प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनमें भारी निराशा और आक्रोश व्याप्त है।

जिलाधिकारी को संबोधित पत्र में पैरावेट कार्यकर्ताओ ने बताया कि वे विभाग के लिए पशुगणना, पांचवां टीकाकरण अभियान, एआईपीडी कैल्विन संचालन सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों का निष्पादन करते हैं। इसके बावजूद उन्हें समय से भुगतान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पैरावेट कार्यकर्ताओ को विभाग से कोई नियमित वेतन या मानदेय प्राप्त नहीं होता, बल्कि केवल कार्य आधारित प्रोत्साहन राशि ही उनकी आय का प्रमुख स्रोत है।

ज्ञापन में बताया गया कि जनवरी और फरवरी माह से ही भुगतान की मांग को लेकर कार्यकर्ता लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में वे कई बार मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सीवीओ से मिले तथा लिखित रूप से ज्ञापन भी सौंपे। कार्यकर्ताओ का कहना है कि हर बार उन्हें आश्वासन तो दिया गया, लेकिन भुगतान की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पैरावेट कार्यकर्ताओ के अनुसार 6 मार्च को भी सीडीओ को ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय उन्हें आश्वासन दिया गया कि 31 मार्च तक सभी लंबित भुगतान कर दिए जाएंगे। हालांकि निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी अधिकांश कार्यकर्ताओं को भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। इसके बाद 2 अप्रैल को पुनः सीडीओ से मुलाकात की गई, जहां 10 अप्रैल तक भुगतान कराने का भरोसा दिया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।

कार्यकताओं ने बताया कि 30 अप्रैल तक इंतजार करने के बाद 6 मई को एक बार फिर सीडीओ कार्यालय में ज्ञापन दिया गया, किंतु तब भी कोई भुगतान नहीं हुआ। इसके बाद 20 मई को सभी पैरावेट कार्यकर्ता पुनः सीडीओ से मिले। इस दौरान डिप्टी सीवीओ के माध्यम से बैठक भी कराई गई, लेकिन आज तक भुगतान नहीं किया गया है।

पैरावेट कार्यकर्ताओ ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उनके द्वारा किए गए सभी कार्यों का लंबित भुगतान अतिशीघ्र कराया जाए। साथ ही संबंधित वर्कशीट और पेमेंट शीट की प्रति उपलब्ध कराई जाए, जिससे भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। कार्यकर्ताओ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे आगे की रणनीति बनाने को बाध्य होंगे।

Related Articles

Back to top button