
दो स्टाफ के सहारे चल रहा अमहट फीडर, 72 घंटे से बिजली बाधित होने पर उपभोक्ताओं में आक्रोश
फोन नहीं उठाते अधिशाषी अभियंता और सहायक अभियंता , जनता परेशान
बस्ती। जनपद के आनंद नगर कटरा इलाके में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अमहट फीडर से होने वाली विद्युत सप्लाई पिछले 72 घंटे से बाधित बताई जा रही है, जिससे इस भीषण गर्मी में स्थानीय नागरिक बूंद-बूंद पानी और रोशनी के लिए तरस रहे हैं।
हैरानी की बात यह है कि इस समस्या को लेकर जब उपभोक्ता शिकायत करने अमहट फीडर पहुंच रहे हैं, तो उन्हें राहत देने के बजाय फीडर के चक्कर कटवाए जा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अमहट फीडर पर तैनात कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं। बार-बार चक्कर काटने पर उपभोक्ताओं को यह कहकर टरका दिया जाता है कि अमहट फीडर में सिर्फ दो लाइनमैन तैनात हैं, इसलिए काम में असुविधा हो रही है। कर्मचारियों की इस कमी का खामियाजा आम जनता भुगतने को मजबूर है।
जनता की सुध लेने के लिए विभाग के जिम्मेदार उच्च अधिकारी भी तैयार नहीं हैं। पीड़ितों का कहना है कि समस्या की जानकारी देने के लिए जब अधिशाषी अभियंता (विद्युत) और सहायक अभियंता को बार-बार फोन मिलाया जाता है, तो उनका फोन रिसीव ही नहीं होता। संकट के समय अधिकारियों का सीयूजी नंबर न उठना उनकी कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय निवासियों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। उपभोक्ताओं का कहना है कि ऐसे गैर-जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अपनी नाकामी छुपाने के लिए बहानेबाजी कर रहे हैं। फील्ड में काम न करके और जनता की समस्याओं को अनसुना करके ये लोग सीधे तौर पर सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को ठेंगा दिखा रहे हैं और सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं।
इस संबंध में पत्रकार अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि अमहट फीडर क्षेत्र की जनता पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी में बिजली संकट झेल रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण लोगों में भारी नाराजगी है और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जनता सड़क पर उतरने को मजबूर होगी।
स्थानीय नागरिकों ने मामले में जिला प्रशासन और शासन स्तर से तत्काल हस्तक्षेप कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।





