पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर किया निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच,  जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

डुमरियागंज-  पीलीभीत मार्ग पर हादसों की जांच, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी नेता  रुधौली के पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने बस्ती से डुमरियागंज होते हुए पीलीभीत को जोड़ने वाले मार्ग पर निर्माण कार्य में देरी और सड़क हादसों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। उन्होंने मार्ग पर हुई दुर्घटनाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने, हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में पूर्व विधायक ने कहा है कि मार्ग पर चौड़ीकरण और निर्माण कार्य लंबे समय से चल रहा है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और राहगीर गुजरते हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य में देरी और निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
भेजे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया है कि सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री, अधूरी खुदाई, बैरिकेडिंग की कमी और रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने जैसी समस्याओं से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को आर्थिक संकट से बचाने के लिए उन्हें नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। साथ ही दुर्घटनाओं के कारणों की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।
संजय प्रताप जायसवाल ने मांग किया  है कि निर्माण कार्यों की तकनीकी और प्रशासनिक जांच स्वतंत्र उच्चस्तरीय टीम से कराई जाए। सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, निर्धारित मानकों, टेंडर प्रक्रिया, ठेकेदार की जिम्मेदारी और भुगतान संबंधी अभिलेखों की भी जांच हो। यदि जांच में लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने निर्माण कार्य समय से पूरा नहीं होने के कारणों की भी जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की। इसके साथ ही निर्माणाधीन मार्ग पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, रात्रिकालीन प्रकाश और सुरक्षित डायवर्जन की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
पूर्व विधायक ने संजय प्रताप जायसवाल ने पत्र में कहा है  कि सड़क निर्माण के दौरान लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। हादसों में जान गंवाने वालों के परिजनों को मुआवजा दिलाने, दुर्घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button