गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रसेवा का संदेश

बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को नमन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, अनुशासन, स्वच्छता और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक धीरेन्द्र शुक्ल, प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल, डॉ. राजन शुक्ल, प्रधानाचार्या शशिप्रभा त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
प्रबंधक धीरेन्द्र शुक्ल ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उनके आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री का ‘जय जवान, जय किसान’ का संदेश देश के प्रति समर्पण और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देता है। विद्यार्थियों को उनके सादगीपूर्ण जीवन और उच्च विचारों से सीख लेनी चाहिए।
डॉ. राजन शुक्ल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि महान व्यक्तित्वों के आदर्शों को अपने आचरण में उतारना भी है। प्रधानाचार्या शशिप्रभा त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह ने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता, सत्यता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना ही इन महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रमुख चौराहों पर चलाया स्वच्छता अभियान
समारोह के बाद विद्यालय परिवार की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। रोडवेज तिराहा, नेहरू चौराहा और भगत सिंह चौक पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने सफाई की। विद्यार्थियों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश देते हुए स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भी जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने की अपील की। विद्यालय परिवार के अनुसार, महात्मा गांधी के स्वच्छता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वच्छ, अनुशासित और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button