
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजे देशभक्ति के स्वर
बस्ती। सुरेंद्र नगर कटरा स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल के परिसर में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और स्वतंत्र भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दोनों महापुरुषों के आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने मां सरस्वती, महात्मा गांधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय मधुरानी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद प्रबंधक ने राष्ट्रध्वज फहराया।
प्री-प्राइमरी की शिक्षिकाओं ने ‘हे शारदे मां’ प्रार्थना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। शिक्षिका कुसुम ने सहयोगियों के साथ ‘रघुपति राघव राजा राम’ की प्रस्तुति दी। शिवानी, सरिता, अनीता समेत अन्य शिक्षिकाओं ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने गांधी और शास्त्री के जीवन, संघर्ष एवं आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। निदेशक राहुल सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, सद्भाव और समानता का संदेश देता है। उनके आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने अपने विचारों, आदर्शों और कर्मठता से भारतीय राजनीति में विशिष्ट पहचान बनाई। उनका दिया नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के सैनिकों और किसानों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की।
वरिष्ठ शिक्षक तैयब हुसैन ने लाल बहादुर शास्त्री, जबकि शिक्षिका दीपांशी पाण्डेय ने महात्मा गांधी के जीवन पर विचार व्यक्त किए। वरिष्ठ समन्वयिका प्रीति अस्थाना ने कार्यक्रम का संचालन किया। अंत में अध्यापिका प्रतीक्षा सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए सभी को गांधी जयंती की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में तन्मय पाण्डेय, राजमणि वर्मा, आनंद आर्या, मधु सिंह, साक्षी गुप्ता, शशि पाण्डेय, निष्ठा पाण्डेय, श्रद्धा सिंह, अर्पिता सिंह, रूचि समेत विद्यालय परिवार के सदस्यों का योगदान रहा। इस अवसर पर श्रीकांत, श्रवण कुमार, अनूप बरनवाल, अरुण भट्ट, यशवंत, जेपी यादव, पूजा सिंह, रमाकांत द्विवेदी, अर्चना सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षणेतर कर्मचारी मौजूद रहे।





