
पोषक तत्वों के महत्व का संदेश देकर सम्पन्न हुआ राष्ट्रीय पोषण सप्ताह
जी.वी.एम. कान्वेन्ट स्कूल में बच्चों ने पोस्टर, भाषण और आकर्षक मॉडलों के माध्यम से किया स्वास्थ्य के प्रति जागरूक
बस्ती। जी.वी.एम. कान्वेन्ट स्कूल में अच्छे स्वास्थ्य के लिए पोषक तत्वों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जा रहा “नेशनल न्यूट्रीशन वीक” सोमवार को पोषक तत्वों पर आधारित विज्ञान प्रदर्शनी के साथ उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। जागरूकता सप्ताह का शुभारम्भ 1 सितम्बर से किया गया था। पूरे सप्ताह विद्यार्थियों को पोस्टर, भाषण, मॉडल तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
समापन अवसर पर विद्यालय में पोषक तत्वों पर आधारित विज्ञान प्रदर्शनी आयोजित की गई। प्रदर्शनी का निरीक्षण विद्यालय के प्रबन्धक श्री संतोष सिंह एवं प्रधानाचार्या श्रीमती विजयलक्ष्मी सिंह ने किया। प्रबन्धक श्री संतोष सिंह ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनसे मॉडलों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को हमारे दैनिक भोजन में विभिन्न पोषक तत्वों की भूमिका और अच्छे स्वास्थ्य के लिए संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विजयलक्ष्मी सिंह ने कहा कि हम सभी प्रतिदिन भोजन करते हैं, लेकिन किस प्रकार का भोजन हमारे स्वास्थ्य के लिए अधिक उपयुक्त है, इसकी पर्याप्त जानकारी अक्सर नहीं होती। इसी उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि बच्चे स्वयं स्वस्थ भोजन के प्रति जागरूक हों और अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित कर सकें।
उन्होंने बताया कि जागरूकता सप्ताह के दौरान बच्चों को विभिन्न प्रकार के पोषक तत्वों से युक्त भोजन विद्यालय में लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। वहीं शिक्षकों द्वारा विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन तथा स्वास्थ्य पर पोषक तत्वों के प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई।
प्रदर्शनी के दौरान जाह्नवी, स्निग्धा, अनन्तराज, अदिति, आद्या, अशिता, शालिनी, हर्ष, पार्थ एवं शिक्षा ने उत्कृष्ट भाषण प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया।
विज्ञान प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडल रहे। इनमें दिव्यज्ञान, अल्तशा, रिद्धी, नम्रा, गौरी, यशू, नीरज, रुद्र, अमिता, यशराज, श्याम, असद, अयान, हर्ष, अविका, रिदा, सम्राट, अद्वित, काशिफ, सात्वी, आर्ष, आकृति, आरुषि, रोशन एवं कीर्ती आदि विद्यार्थियों के मॉडल विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में राकेश, राजेश, साकेत, सना, अलीशा, पवन, गिरीश, शिवानी, ममता, हिना, रेशमा, प्रतीक्षा, मिनाक्षी, सावित्री, सुचिता, नमरा, निगहत, दिवाकर, प्रवीन, अरविन्द, सुशील, नीरज, महिमा एवं अमन सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
इस प्रकार विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता और आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ राष्ट्रीय पोषण सप्ताह का समापन हुआ तथा बच्चों को “स्वस्थ जीवन के लिए सही पोषण” का संदेश दिया गया।





