
कोविड-19 आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा निगम में शामिल करने की मांग
बस्ती। कोविड-19 संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग एवं संविदा कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के तहत विभिन्न जनपदों में कार्यरत कोविड-19 आउटसोर्स कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) में शामिल करने की मांग उठाई है। संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।
विकास शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और ब्लॉक स्तर पर तैनात आउटसोर्स कर्मचारियों ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। अपनी जान की परवाह किए बिना इन कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को बिचौलियों से मुक्ति दिलाने, शोषण रोकने तथा सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सेवा शर्तें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है। ऐसे में NHM के अंतर्गत कार्यरत कोविड-19 आउटसोर्स कर्मचारियों को भी सेवा निगम की व्यवस्था का लाभ दिया जाना चाहिए।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि कोविड-19 आउटसोर्स कर्मचारियों को सेवा निगम में शामिल किए जाने को लेकर अभी तक स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी नहीं होने से कर्मचारियों में असमंजस और निराशा की स्थिति है। उन्होंने मांग की कि इन कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था करने के बजाय उन्हें भी सेवा निगम के दायरे में शामिल किया जाए।
उन्होंने बताया कि कोविड-19 आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं। अनेक कर्मचारी समान प्रकृति के कार्यों का लगातार निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सेवा शर्तों की व्यवस्था आवश्यक है।
संघ ने मुख्यमंत्री से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ (रजि.) के अनुरोध को स्वीकार करते हुए NHM के अंतर्गत कार्यरत कोविड-19 आउटसोर्स कर्मचारियों को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम में शामिल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई और स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की है।





