राजीव दीक्षित कैरियर इंस्टीट्यूट में नीट 2026 के पांच मेधावी छात्रों का हुआ भव्य सम्मान

बस्ती। राजीव दीक्षित कैरियर इंस्टीट्यूट हरैया में रविवार को नीट 2026 परीक्षा में चयनित पांच मेधावी छात्रों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, समाज और अध्यात्म से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की सफलता का सम्मान करना, उनके संघर्ष को समाज के सामने प्रस्तुत करना तथा अन्य छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात शिक्षाविद्, विद्वान एवं लेखक योगेंद्र पाल कोहली रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में योगी सोमनाथ महाराज बाबा एवं बाबा रामलौट दास उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और नीट में चयनित विद्यार्थियों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में प्रतीक्षा वर्मा, पुत्री बलराम वर्मा, ग्राम महुआ मिश्र, पोस्ट कप्तानगंज, जनपद बस्ती; अर्पिता, पुत्री स्वर्गीय वेद प्रकाश, ग्राम एवं पोस्ट केशवपुर, जनपद बस्ती; धर्मेश विक्रम, पुत्र राधेश्याम; अभिषेक पटेल, पुत्र शिवकुमार पटेल, ग्राम भैरोपुर, पोस्ट बेलवरिया रामगुलाम, जनपद बस्ती तथा शंकर चौधरी, पुत्र राम जतन, ग्राम झगगापुर, पोस्ट अजगवा जंगल, जनपद बस्ती शामिल रहे। सभी विद्यार्थियों को उनकी कठिन मेहनत, लगन और उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि योगेंद्र पाल कोहली ने अपने संबोधन में कहा कि सफलता का मार्ग कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधन कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते, यदि विद्यार्थी अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़े। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों से भविष्य में समाज और देश की सेवा करने का आह्वान किया तथा अन्य विद्यार्थियों से इनसे प्रेरणा लेने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजीव दीक्षित कैरियर इंस्टीट्यूट के प्रबंधक डॉ. दीनानाथ पटेल ने कहा कि डॉक्टर बनने के लिए सबसे अधिक आवश्यकता मजबूत इच्छाशक्ति, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत की होती है। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार के पास 3 से 4 लाख रुपये की व्यवस्था है, तो उसका बच्चा एमबीबीएस की पढ़ाई कर सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह करते हुए कहा कि उचित दिशा और गुणवत्तापूर्ण तैयारी से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

विशिष्ट अतिथियों योगी सोमनाथ महाराज बाबा एवं बाबा रामलौट दास ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने छात्रों से सदैव ईमानदारी, अनुशासन और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला। सम्मान प्राप्त करने वाले छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और संस्थान के शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, शिक्षकों का मार्गदर्शन और परिवार का सहयोग उनकी सफलता का आधार बना।

इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षक, सम्मानित छात्र-छात्राओं के परिजन तथा क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने चयनित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार ज्ञापित करते हुए किया गया।

 

Related Articles

Back to top button