NEET-2026 में लिटिल फ्लावर्स स्कूल का जलवा, तीन विद्यार्थियों ने 99 पर्सेंटाइल पार कर बढ़ाया मान

बस्ती। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा NEET-2026 में लिटिल फ्लावर्स स्कूल, बस्ती के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और जिले का गौरव बढ़ाया है। विद्यालय के तीन मेधावी विद्यार्थियों ने 99 पर्सेंटाइल से अधिक अंक प्राप्त कर मेडिकल क्षेत्र में अपने सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव रखी है।

विद्यालय की छात्रा स्मृति कमला पुरी ने 99.73 पर्सेंटाइल, शोयब खान ने 99.65 पर्सेंटाइल तथा उत्कर्ष यादव ने 99.00 पर्सेंटाइल हासिल कर उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों ने सफल विद्यार्थियों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया।

विद्यालय के डायरेक्टर राहुल सिंह ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्ट मुकाम तक पहुंचाना है।

विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि लिटिल फ्लावर्स स्कूल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की मजबूत तैयारी के लिए लगातार प्रयासरत है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।

प्रधानाचार्य अपर्णा सिंह ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने यह साबित किया है कि दृढ़ संकल्प, नियमित अध्ययन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी विद्यालय के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Back to top button