
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 स्वर्णिम वर्षों पर बाबा गोकुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर में विशेष आयोजन
हरैया, बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरैया विधायक अजय सिंह के नेतृत्व में पौराणिक बाबा गोकुलेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर कीर्तन, हवन-पूजन एवं विशेष आराधना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर देश की समृद्धि, विकास एवं जनकल्याण की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन-पूजन संपन्न कराया गया तथा उपस्थित लोगों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर विधायक अजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं राष्ट्र सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने लोगों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि राष्ट्रहित और जनसेवा के कार्यों में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख के.के. सिंह, विधायक प्रतिनिधि पं. सरोज मिश्रा, महेंद्र सिंह, अखिलेश सिंह, नीरज शुक्ला, दीपक पांडेय, राणा सिंह, प्रधान अरविंद चौरसिया, मार्शल तिवारी, लवकुश चौधरी, सुनील यादव, धीरेंद्र चौधरी, दुर्गेश सिंह, हरिओम भारती, हरिकेश यादव, जग्गू सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और राष्ट्र सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।





