
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में मातृ-दिवस पर माताओं का हुआ सम्मान
बस्ती। सुरेन्द्र नगर कटरा स्थित लिटिल फ्लावर्स स्कूल में शनिवार को मातृ-दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा छात्र-छात्राओं की माताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। उपहार पाकर सभी माताओं के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह एवं उपस्थित माताओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन, माँ सरस्वती एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय मधुरानी सिंह के चित्र पर माल्यार्पण व पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कक्षा 10 की छात्रा शताक्षी ने अपने साथियों के साथ ‘माँ की ममता’ विषय पर आधारित भावपूर्ण नाटक प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। वहीं कक्षा 8 की छात्रा नविहा ने ‘तेरी उंगली पकड़कर चला’ गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। काव्या एवं उनके सहयोगियों द्वारा ‘माँ की ममता’ गीत पर प्रस्तुत नृत्य को भी खूब सराहा गया।
विद्यालय परिवार द्वारा माताओं के लिए ‘अपना बच्चा पहचानो’ नामक रोचक खेल का आयोजन किया गया, जिसमें अपारदर्शी पर्दे के पीछे से माताओं को हाथों के स्पर्श से अपने बच्चों को पहचानना था। माताओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और कार्यक्रम में ममता का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “माता और मातृभूमि स्वर्ग से भी बढ़कर हैं। हमें सदैव उनका सम्मान करना चाहिए।” वहीं प्रधानाचार्या अपर्णा सिंह ने कहा कि “माता के लिए कोई एक दिन नहीं होता, बल्कि हर दिन माता से ही होता है। प्रतिमा में भगवान हों या न हों, लेकिन प्रति-माँ में भगवान अवश्य होते हैं।”
कार्यक्रम को सफल बनाने में संध्या तिवारी, अर्पिता सिंह, अंशु, पूजा जायसवाल, तन्मय पाण्डेय, मधु सिंह, साक्षी पाण्डेय सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस दौरान राजमणि वर्मा, वैभव पाण्डेय, आनंद आर्या, प्रीति अस्थाना सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





