
नगर बाजार में भीषण आग से लाखों का नुकसान, नगर पंचायत अध्यक्ष ने दिया सहायता
पीड़ित परिवारों को सहायता, आवास देने की मांग
बस्ती। सोमवार की मध्य रात्रि को नगर बाजार में कबाड़ की दूकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपए की क्षति हो गई। देखते ही देखते दो फल की तथा एक सब्जी की दूकान भी आग की जद में आ गई। घटना में एक गाय के मरने की भी खबर है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग के कारणों का पता नहीं चल सका लेकिन कुछ लोगों का कहना है कि एक मंदबुद्धि के बालक ने नगर के पांच स्थानों पर आग लगाई जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आग बुझाते समय ही बिजली के तार से शार्ट सर्किट भी हो गया और विद्युत तार कट कर जमीन पर गिर पड़ा जिससे आग की लपटें और तेज हो गई। इस दौरान अफरा तफरी का माहौल हो गया और आग बुझाने वाले पुलिस कर्मी तथा स्थानीय लोग बाल बाल बचे। सूचना पाकर रात में ही नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना और पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह घटना स्थल पर पहुंच गए। उन्होने बिजली विभाग के अवर अभियंता, सहायक अभियंता और अधिशाषी अभियंता को फोन किया परन्तु किसी का फोन नहीं उठा। फिर उन्होंने अधीक्षण अभियंता को फोन कर वस्तु स्थिति की जानकारी दिया उसके बाद वहां की बिजली काटी गई। श्री राना ने कहा है कि इस लापरवाही की जानकारी मुख्यमंत्री सहित विभागीय मंत्री और उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। आग लगने के एक घंटे बाद विद्युत सप्लाई चलती रही जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
मंगलवार सुबह प्रभावित परिवारों में पहुंच कर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने ढाढस बंधाया और पीड़ित गिरीश चंद्र गुप्ता, जितेंद्र कुमार सोनकर, राकेश सोनकर और मनोज कुमार सोनकर को नगर पंचायत अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से तीस हजार रुपए आर्थिक सहायता राशि का चेक प्रदान किया। कहा कि क्षतिग्रस्त घरों के पात्रों को प्रधानमंत्री आवास की सुविधा प्रदान की जाएगी। श्रीमती राना ने उपजिलाधिकारी बस्ती से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग भी किया।





